एचआईवी-एड्स जागरूकता को लेकर सदर अस्पताल से निकली रैली
रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। एचआईवी-एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को सदर अस्पताल, रांची से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में सदर अस्पताल के चिकित्सकों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों और एएनएमटीसी की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने जागरूकता संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को एचआईवी-एड्स से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया। साथ ही एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने का संदेश दिया गया।
एड्स कंट्रोल सोसाइटी की कंचन ने कहा कि एचआईवी-एड्स को लेकर सही जानकारी ही बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है। संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सहयोगात्मक और संवेदनशील व्यवहार अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से समुदाय तक सही जानकारी पहुंचाने और स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
रैली में एड्स कंट्रोल सोसाइटी की ओर से कंचन, नवीन सहित अन्य कर्मियों ने भाग लिया। मौके पर डॉ. तवा रिजीवी, डॉ. सोहन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह सहित सदर अस्पताल के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar