जागृति और डॉन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
रामगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकर मो तौफीकुल हसन के मार्गदर्शन में गुरूवार को जागृति और डॉन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
डालसा, व्यवहार न्यायालय रामगढ़ के सभी पारा लिगल वोलेन्टियर्स की मौजूदगी में कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अनिल कुमार ने की। इस दौरान कार्यक्रम में विधिक जागरूकता, न्याय की पहुंच और नशामुक्ति के उपायों पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकार मित्रों को विधिक जागरूकता और नशामुक्ति अभियान से जोड़कर उनकी क्षमता बढ़ाना था।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अनिल कुमार ने बताया कि जागृति अभियान योजना का मुख्य लक्ष्य समाज के कमजोर वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना, विधिक सहायता सेवाओं का डेटाबेस बनाना और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने साक्षरता और विधिक जागरूकता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि डॉन योजना के माध्यम से विशेष इकाइयों का गठन कर संस्थागत और विधिक सेवा ढांचे को मजबूत किया जाएगा। यह योजना नशीली दवाओं के दुरूपयोग को रोकने, नशा पीड़ितों के पुनर्वास सुविधा देने और शिक्षा एवं जागरूकता के माध्यम से समाज को नशामुक्त बनाने का कार्य करती है।
कार्यक्रम में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान एवं उनसे बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश