महिला की जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास, प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
देवघर, 27 मई (हि.स.)। जमीन विवाद को लेकर एक गरीब महिला ने न्याय के लिए प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। मामला देवीपुर प्रखंड के धोबाना पंचायत अंतर्गत बड़की खडखार गांव का है। पीड़िता गीता देवी ने देवघर एसपी और एसडीओ कार्यालय में लिखित शिकायत देकर गांव के कुछ लोगों पर उनकी पैतृक जमीन पर जबरन अवैध कब्जा करने और मकान निर्माण कराने का गंभीर आरोप लगाया है।
गीता देवी का आरोप है कि विपक्षी उनकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पैतृक जमीन के साथ-साथ पुराने मकान पर भी कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत में पितो राउत, सुरेन्द्र राउत, जय प्रकाश यादव, त्रिपुरारी यादव, बच्चु राउत, प्रेम राउत, तारकिशोर राउत, विनोद यादव और प्रमोद यादव को आरोपित बनाया गया है। पीड़िता ने प्रशासन से जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy