(लीड) रांची में संघ कार्यालय पर फेंका गया पेट्रोल बम, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ बोले- बड़ी साजिश का संकेत

 




रांची, 17 जून (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर मंगलवार देररात पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश की गई है। पुलिस के अनुसार, दो अपराधियों ने सॉस की बोतल में पेट्रोल भरकर उन्हें आरएसएस दफ्तर के अंदर फेंकने की कोशिश की। दोनों बोतलें बाउंड्री से ठीक पहले गिर गईं, इसलिए बड़ी अनहोनी टल गई।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में दो युवक शामिल हैं। जांच में एफएसएल सहित कई टीमों को लगाया गया है। हाथे लगे सीसीटीवी फुटेज में दो हमलावर पेट्रोल भरी बोतलें आरएसएस कार्यालय पर फेंकने की कोशिश करते दिख रहे हैं। पहली बोतल फेंकते समय आग लगी हुई सुतली जमीन पर गिर गई। इस वजह से प्रयास निष्फल हो गया। दूसरी बोतल कार्यालय के पास तक नहीं पहुंची। उन्होंने कहा पेट्रोल बम तैयार करने में चिली सॉस की बोतल का प्रयोग किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चर्चा यह है कि आरएसएस कार्यालय के पास स्थित एक होटल के कुछ कर्मचारी पूरे मामले में संदिग्ध है। कुछ दिन पहले आरएसएस कार्यालय के कुछ लोगों ने गंदगी और अन्य वजह से होटल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई थी । इसी के बाद से यह विवाद चला आ रहा था। पुलिस को भी आशंका है कि इस हमले में होटल के कर्मचारियों का हाथ हो सकता है।

इस घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी आरएसएस ऑफिस पहुंचे। भाजपा नेताओं ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई। सेठ ने कहा कि यह घटना काफी गंभीर है। अगर हमला सफल हो जाता तो कार्यालय के अधिकारी इसकी चपेट में आ सकते थे। मामले को लेकर डीजीपी से बात हुई है। इसकी गहनता से जांच होनी चाहिए ताकि जल्द से जल्द मामले का खुलासा हो सके।

उन्होंने कहा कि ये साधारण घटना नहीं है। ये हमारी मां पर हमला है। जिस नीयत से ये हमला किया गया है पुलिस प्रशासन को उस नीयत का पता लगाना चाहिए। उन्होंने कहा सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एक टैक्सी है और सपोर्ट में एक मोटरसाइकिल है। उन्होंने कहा कि युवक एक बार नहीं दो बार आए हैं। एक बार आए हैं, अपना चेहरा छुपाया, बम मारा। फिर चले गए. फिर वापस आए और दूसरा बम चलाया। इनकी योजना लंबी थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही गिरफ्तारी हो। भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि यह हमला सिर्फ एक दफ्तर पर नहीं बल्कि सभी सनातनियों पर हमला है। इसका राज्यसभा चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे