कंपनी के बेस कैंप पर हमला लाखों का तार ले भागे अपराधी
रामगढ़, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिले में डीवीसी का तार बदलने का काम कर रही जेएसके कंपनी के बेस कैंप पर एक दर्जन से अधिक अपराधियों ने हमला किया। इस दौरान लाखों रुपए मूल्य के नए और पुराने तार चोरी कर ले गए।
जानकारी के अनुसार जेएसके कंपनी ने रामगढ़ के हेसाला रेलवे फाटक के पास बेस कैंप बनाया है। शुक्रवार की रात अपराधियों ने उसे बेस कैंप पर हमला किया। वहां मजदूर और सुरक्षा कर्मियों पर हमला कर लाखों रुपए मूल्य के तार सहित अन्य कीमती सामान चुरा ले गए।
सुरक्षाकर्मियों और मजदूरों ने भागते चोरों का पीछा किया और एक अपराधी को पकड़ लिया। घटनास्थल पर पहुंचे कंपनी के साइट इंचार्ज अभिमन्यु प्रताप सिंह ने तत्काल पुलिस को इस घटना की सूचना दी। बेस कैंप पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़ा गया युवक अफरोज खान अरगड्डा जीप कैंप का रहने वाला है। उसका स्थाई पता सिरका चितरपुरिया मुहल्ला है।
पूछताछ के दौरान अफरोज खान ने बताया कि अपराधियों के इस गैंग का मुख्य सरगना बबलू अंसारी है। उसी ने सभी अपराधियों को बुलाया। पुलिस ने अफरोज खान को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है। साथ ही बबलू अंसारी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। साइट इंचार्ज अभिमन्यु प्रताप सिंह ने पुलिस से अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश