दमगढ़ा खदान में छह दिन बाद एटीपीएल का काम शुरू
देवघर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। एसपी माइंस चितरा कोलियरी के दमगढ़ा खदान में कार्यरत एटीपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी का छह दिनों से ठप पड़ा काम गुरुवार को पुनः शुरू हो गया। वेतन और बोनस की मांग को लेकर मजदूरों ने कामकाज बंद कर आंदोलन किया था। बोनस भुगतान पर सहमति बनने के बाद मजदूरों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
मजदूरों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह, मुखिया प्रतिनिधि सुजीत रजक, ग्राम प्रधान प्रदीप टुडू और समाजसेवी विक्की भोक्ता की पहल पर कंपनी के सीजीएम, कल्याण अधिकारी और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। बैठक में मजदूरों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह ने बताया कि कंपनी के मालिक अनुज अग्रवाल से फोन पर बातचीत कर बोनस भुगतान पर सहमति बनाई गई है। इसके तहत सामान्य मजदूरों को पांच हजार रुपये और चालकों को सात हजार रुपये बोनस देने पर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि कंपनी के मालिक पिछले कुछ दिनों से विदेश यात्रा पर थे, जिसके कारण मजदूर प्रतिनिधियों के साथ वार्ता नहीं हो पा रही थी। उनके वापस लौटने के बाद गुरुवार को फोन पर बातचीत हुई और बोनस भुगतान का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि कंपनी प्रबंधन की ओर से अगले सप्ताह सभी मजदूरों को बोनस की राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। बोनस भुगतान पर सहमति बनने के बाद मजदूरों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और दमगढ़ा खदान में एटीपीएल का कामकाज पुनः शुरू हो गया। काम शुरू होने से खदान की उत्पादन गतिविधियां भी सामान्य होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy