झारखंड स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देवघर का शानदार आगाज
देवघर, 18 अप्रैल (हि.स.)। 15 वीं झारखंड स्टेट ओपन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देवघर के खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन शनिवार को दो स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह प्रतियोगिता बोकारो के चंदनक्यारी में आयोजित की जा रही है।
देवघर जिला एथलेटिक्स संघ के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना किया गया था। रवाना होने से पहले संघ के अध्यक्ष डॉ सुनील खवाड़े ने सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट देकर उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के पहले दिन देवघर के खिलाड़ी राज रौशन ने गोला फेंक (शॉट पुट) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं चक्का फेंक (डिस्कस थ्रो) में रामानंद सिंह ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर देवघर के लिए दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।
महिला वर्ग में रंजुला कुमारी ने 400 मीटर दौड़ में अच्छा प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई, हालांकि फाइनल में वह पदक हासिल करने से चूक गईं। टीम का हौसला बढ़ाने के लिए देवघर जिला एथलेटिक्स संघ के प्लानिंग कमेटी के चेयरमैन आशीष झा भी बोकारो में खिलाड़ियों के साथ मौजूद हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में टीम और पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करेगी।
आशीष झा ने कहा कि जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन जरूरत है कि अधिक से अधिक बच्चे खेल के मैदान तक पहुंचें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को खेलकूद के लिए भी प्रोत्साहित करें।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संघ के सचिव मनोज मिश्रा, नीतू देवी, आशीष दुबे, निक्की झा, नीतीश, राजेश, लाली, सोनी, प्रभाकर, रवि केशरी, सुरेश साह और खेलो इंडिया के कोच दीपक कुमार सहित कई लोगों ने बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy