भाजपा ने अटल जयंती की पूर्व संध्या पर प्रदेश कार्यालय सहित सभी जिला कार्यालयों में मनाया दीपोत्सव
रांची, 24 दिसंबर (हि.स.)।
प्रदेश भाजपा ने आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर प्रदेश कार्यालय एवं सभी जिला कार्यालयों में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदेश के नेताओं,पदाधिकारियों,जिला अध्यक्ष गण,मंडल , बूथ के कार्यकर्ता शामिल हुए।
इसके पूर्व झारखंड विधानसभा परिसर स्थित श्रद्धेय अटल जी की प्रतिमा सहित पूरे प्रदेश में प्रतिमाओं की सफाई की गई और संध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ।
जयंती के अवसर पर अटल स्मृति दिवस का आयोजन बूथ स्तर पर होगा जिसमें अटल जी की प्रतिमाओं,चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा होगी।
गुरुवार को सभी जिला कार्यालयों में अटल वाजपेयी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चित्र प्रदर्शनी का आयोजन होगा।
25 से 31 दिसंबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में अटल स्मृति सम्मेलन का भी आयोजन होगा। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, कार्यक्रम के राष्ट्रीय सह संयोजक डॉ रविंद्र कुमार राय, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा,रघुवर दास,मधु कोड़ा,चंपई सोरेन ,प्रदेश महामंत्री सांसद डॉ प्रदीप वर्मा सहित प्रदेश के नेता बतौर मुख्य वक्ता,शामिल होंगे।
दीपोत्सव कार्यक्रम के बाद प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी स्वयं प्रकाश पुंज थे जिन्होंने देश और दुनियां को अपने व्यक्तित्व और कृतित्व,अपने विचारों से आलोकित किया।
भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता अटल जी के आदर्शों के साथ देश समाज की सेवा के लिए समर्पित हैं।
डॉ रविंद्र कुमार राय ने कहा कि अटल जी न होते तो शायद झारखंड अलग राज्य का सपना साकार नहीं होता।झारखंड की करोड़ों जनता उन्हें कभी नहीं भूलेगी।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि अटल जी एक कुशल संगठन कर्ता,नेता ,कवि और चिंतक थे जिन्होंने भाजपा के विचारों को फर्श से अर्श तक पहुंचाया। अटल जी के विचार सदैव प्रेरित करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे