क्राइम मीटिंग में एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर

 


रामगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर बुधवार को एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की। बैठक में पतरातु एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, डीएसपी हेडक्वार्टर अकरम रजा सहित सभी पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में जिले की अपराधियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में लंबित कांडों की शीर्षवार समीक्षा की गई। कांडों के उद्भेदन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। अक्टूबर माह में दर्ज और निष्पादित विशेष एवं सामान्य मामलों की समीक्षा करते हुए नवंबर में अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम से संबंधित मामलों को 60 दिनों के भीतर निष्पादित करने को कहा गया।

पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया पांच दिनों के भीतर पूर्ण कर पोर्टल पर अपलोड करने और डायल 112 के तहत प्राप्त शिकायतों पर संबंधित पदाधिकारियों को नौ मिनट के भीतर कार्रवाई के लिए पहुंचने का निर्देश दिया गया। दो, तीन और पांच वर्षों से लंबित मामलों की अलग-अलग सूची तैयार कर उनके निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया।

संगठित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर नजर रखने, जेल से बाहर आए अपराधियों का सत्यापन करने और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। गैर-तामिला एवं स्थायी वारंट, फरार आरोपिताें, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

बैठक में चोरी, छिनतई, संपत्ति संबंधी अपराध, अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े मामले, साइबर अपराध, मालखाना, जन शिकायतों और सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की समीक्षा हुई। ई-साक्ष्य के उपयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान, फॉरेंसिक साक्ष्य संकलन और मामलों को निर्धारित समयसीमा में निष्पादित करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा अवैध खनन पर रोक लगाने, अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, वाहन जांच अभियान चलाने और जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण और जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश