स्पीकर से मिला पीए-पीएस एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल

 


रांची, 02 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) रविंद्रनाथ महतो से मंगलवार को पीए-पीएस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने औपचारिक मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और संस्था का प्रतीक चिह्न देकर एसोसिएशन की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि झारखंड के सभी विधायकों, मंत्रियों और सांसदों के कार्यरत निजी सहायकों (पीए) एवं आप्त सचिवों (पीएस) को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से एसोसिएशन का गठन किया गया है। इस मंच से जनप्रतिनिधियों से जुड़े विधायी कार्यों और सदन की कार्यवाही के निष्पादन में सहयोग करने वाले निजी सहायक एवं आप्त सचिव जुड़े हैं। इस दौरान स्पीकर ने एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रतिनिधिमंडल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने विधायक जीवन के विभिन्न अनुभव भी सदस्यों के साथ साझा किया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला के नेतृत्व में विधानसभा अध्यक्ष से मिलनेवाले प्रतिनिधिमंडल में दीपेश कुमार निराला के अलावे उपाध्यक्ष विजय, महासचिव पवन कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता, सचिव दिनेश चंद्र प्रमाणिक सहित अन्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar