झारखंड विधानसभा में मंत्री सुदिव्य सोनू को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
रांची, 08 सितंबर (हि.स.)। दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर मंगलवार को झारखंड विधानसभा सचिवालय के पोर्टिको संख्या-3 में शोकसभा आयोजित की गई।
शोकसभा में विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार ने शोक संदेश पढ़ते हुए स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन को स्मरण किया। उन्होंने बताया कि सुदिव्य कुमार का जन्म 26 जुलाई 1970 को गिरिडीह में हुआ था। वर्ष 1989 से सक्रिय राजनीति में रहते हुए उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा में विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया। मौके पर बताया गया कि वर्ष 2019 में गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से झामुमो के टिकट पर चुनाव जीतकर वे पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। अपने प्रथम कार्यकाल में उन्होंने विधानसभा की लोक लेखा समिति, सामान्य प्रयोजन समिति और प्रत्यायुक्त विधान समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया। सदन की कार्यवाही में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी और वे जनहित और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते थे। वर्ष 2024 में पुनः गिरिडीह से निर्वाचित होने के बाद उन्हें राज्य सरकार में मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar