अवैध तरीके से जमीन कब्जा करने के लिए महिला और बुजुर्गों के साथ की मारपीट, मामला दर्ज

 




रामगढ़, 12 जुलाई (हि.स.)। शहर के राजागढ़ में गरीब परिवार की जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की गई है। इस मामले में पीड़िता मनी देवी (६५) ने रामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कुंवर टोला भुइंयाटोली में उनकी जमीन खाता नंबर दो प्लॉट नंबर 1820 रकबा ०2 एकड़ गैरमंजरूआ खास मौजूद है।

पारे बस्ती पानी टंकी रोड के पास उनकी जमीन पर कुछ लोगों के द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। जब मनी देवी के परिजन उस जमीन पर अपना घर बनाने के लिए गए तो महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ लगभग 17 लोगों ने मिलकर मारपीट की।

मनी देवी ने पुलिस को बताया कि झुंड में आए लोगों ने महिलाओं, बच्चों की हत्या करने का भी प्रयास किया। जिन लोगों ने उनके साथ मारपीट की, उसमें सुनील मुंडा, रवि मुंडा, रंजीत मुंडा, अनिल मुंडा, जगदीश मुंडा, पिंटू मुंडा, रामसेवक मुंडा, सनी मुंडा, रविंद्र मुंडा, संतोष मुंडा, सहदेव मुंडा, सविता देवी, सरिता देवी, चिरिया देवी, बसंत मुंडा, प्रकाश मंडा, सूरज कुमार सहित अन्य शामिल थे। उन लोगों ने गरीब परिवारों की भूमि पर पहले से ही बुरी नजर रखी थी। सभी कमजोर परिवारों को डरा धमकाकर उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करना उनकी मंशा थी। पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई कर रही है।

थाना पहुंचे 50 वर्षीय करमु भुइंया ने पुलिस को जमीन की पूरी कहानी बताई है। उन्होंने बताया कि खाता संख्या दो प्लॉट संख्या 1820 रकबा ०2 एकड़ जमीन भूमि सर्वे खतियान के अनुसार गैरमंजरूआ खास खाते की है। वह धरिया भुइंया के नाम से अंचल कार्यालय के पंजी 2 में दर्ज है।

वर्ष 2025 में एक मामला भी दर्ज था।जिसमें सुनील मुंडा बनाम बसंत भुइंया और सुनील मुंडा बनाम बसंत भुइंया एसडीओ कोर्ट में दर्ज हुआ था। उस समय एसडीओ कोर्ट के आदेश में यह स्पष्ट था कि वह जमीन धरिया भुइंया के नाम से कायम है। साथ ही अंचल अधिकारी के आदेशानुसार उक्त खाता प्लॉट की भूमि का ऑनलाइन रसीद भी जारी करने का आदेश दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश