एएसआई की टीम ने किया हुरनाली मेगालिथ स्थल का निरीक्षण
चतरा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) रांची मंडल की टीम ने चतरा जिले के इटखोरी के हुरनाली गांव स्थित मेगालिथ स्थल का निरीक्षण किया। विभाग के वरीय अधिकारी डॉ. करबी साहा के निर्देश पर पहुंची टीम ने पुरास्थल का अध्ययन कर उसके ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व का आकलन किया।
निरीक्षण दल में रांची सर्किल के पुराविद डॉ. नीरज कुमार मिश्र के अलावा कन्हैया झा, मोहम्मद नौशाद आलम और गुलाब सिंह शामिल थे। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि यहां महापाषाणिक समाधियों के अवशेष मौजूद हैं। इनमें बड़ी संख्या में मेनहिर यानी खड़े पत्थरों की समाधियां शामिल हैं। इस प्रकार के पुरातात्विक अवशेष क्षेत्र में बड़ी संख्या में पाए जाते हैं जिनका संबंध आदिवासी समुदायों की प्राचीन मृतक संस्कार परंपराओं से माना जाता है। विभाग ने इस स्थल को संरक्षित करने की पहल शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि यह स्थल आदिवासी सभ्यता और संस्कृति के धरोहर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी