एएसआई का निधन, पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि

 


रामगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। पुलिस लाइन में शुक्रवार की शाम एक एएसआई रंजीत कुमार सिंह (50) के निधन पर शुक्रवार काे शोक सभा का आयोजन किया गया। पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में पदस्थापित एएसआई रंजीत कुमार सिंह का आकस्मिक निधन इलाज के दौरान रामगढ़ सदर अस्पताल में हो गया।

वे मूल रूप से बिहार राज्य के भोजपुर जिले के बड़का डुमरा गांव के रहने वाले थे। वे कोडरमा में घर बनाकर पिछले 10 वर्षों से रह रहे थे। किडनी फेल होने के कारण वे लगातार डायलिसिस पर चल रहे थे। गुरुवार की रात वे कोडरमा में अपने घर पर ही काफी ज्यादा बीमार हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए परिजन उन्हें रांची ले जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर पटेल चौक के पास उनकी हालत बिगड़ी तो उन्हें ट्राॅमा सेंटर में ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

शोक सभा में सीसीआर डीएसपी अजय कुमार, थाना प्रभारी नवीन कुमार पांडे, लाइन बाबू सह ऑफिसर एसोसिएशन के सचिव अनंत कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।

मौके पर एएसआई रंजीत कुमार सिंह के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश