रांची विश्वविद्यालय प्रशासनिक परिसर में मनाया गया कला दिवस
रांची, 11 जुलाई (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय के 67 वें स्थापना दिवस समारोह का दूसरा दिन शनिवार को शहीद चौक स्थित प्रशासनिक भवन में ‘कला दिवस’ के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट विभाग और एनएसएस की छात्रों बुलबुल, एकता, मौसमी, तुषार, प्राची ने शिक्षक विवेक दास के निर्देशन में विश्वविद्यालय के दीवारों पर झारखंड की पहचान खुबसूरत सोहराई पेंटिंग बनाई।
इस अवसर पर कुलपति प्रो सरोज शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कृति और परंपरा का संरक्षक भी है और सोहराई जैसी लोक कलाओं को संस्थागत मंच प्रदान करना समय की मांग है। इस पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर की दीवारें अब झारखंड की माटी की सुगंध और सोहराई कला के रंगों से सजीव होंगी, जो प्रकृति, फसल एवं जीवन के अटूट बंधन का प्रतीक हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीएसडब्लूय डॉ सुदेश कुमार साहु, ने छात्रों को सोहराई पेंटिंग के बारे में जानकारी दी और कहा कि झारखंड के ग्रामीण इलाकों में मृच्छकटिक कच्चे मकानों के दीवारों पर यह सुंदर पेंटिंग की जाती है। इस पेंटिंग को अपनी विशिष्टता के कारण जिओ टैग भी प्राप्त है। इसके लिये प्राकृतिक सामग्रियों जैसे कोयला, चूना, लाल और पीली मिट्टी गोंद से बनाये रंगों का उपयोग किया जाता है। इसमें पशु-पक्षियों, वृक्षों और जानवरों की आकृतियां बनायी जाती हैं। घर की दीवार पर सोहराई पेंटिंग समृद्धि और अच्छेद स्वा्स्य्ंट का प्रतीक माना जाता है।
विश्वविद्यालय में कला दिवस पर सभी वरीय पदाधिकारी, कर्मी सहित कई विभागों के प्राध्यापक उपस्थित थे। सबों ने सोहराई पेंटिंग के छात्र कलाकारों की सराहना की और रांची विश्वाविद्यालय की चारदीवारी को पेंटिंग से सजाने और राज्य की इस पारंपरिक चित्रकारी कला को जीवंत रखने के लिये आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कॉर्डिनेटर डॉ किशोर सुरीन ने किया। इस अवसर पर डॉ सुदेश कुमार साहु, सीसीडीसी डॉ पीके झा, परीक्षा नियंत्रक डॉ संजय सिंह, प्रोक्टार डॉ मुकुंद चंद्र मेहता, एफओ डॉ दिलीप प्रसाद, आईक्यूएसी डायरेक्टर डॉ एके डेल्टा, सीवीएस की डिप्टीे डायरेक्टार डॉ स्मृिति सिंह, डॉ हीरानंदन झा, आइएमएस के निदेशक डॉ अमर कुमार चौधरी, डॉ लाडली रानी सहित अन्य पदाधिकारी, प्राध्यापक एवं कर्मी उपस्थित थे।
इधर, विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय स्थापना समारोह के अंतिम दिन 12 जुलाई 2026 को हरित वीथिका कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें प्रशासनिक परिसर में पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित है। इसके लिये सारी तैयारियां कर ली गयी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak