अश्लील वीडियो बनाकर किया शारीरिक शोषण, गिरफ्तार

 


रामगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। मानसिक रूप से कुंठित कुछ युवक आजकल शादीशुदा महिलाओं को अपना शिकार बना रहे हैं। उनका वीडियो बनाकर उनका शारीरिक शोषण कर उनसे रुपये की उगाही भी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र में भी आया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की और आरोपित अमित कुमार सुरी को बिहार राज्य के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अमित कुमार सुरी को शनिवार को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार रांची रोड की रहने वाली महिला प्रीति देवी (36) ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज मामले में तत्काल कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि रोहतास जिले के गोडारी गांव का रहने वाला अमित कुमार सुरी कुछ समय पहले पीड़िता के बगल में रहने वाली अपने रिश्तेदार के घर में रहता था। इस दौरान जब दोनों की पहचान हुई, तो उसने नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की।

इस दौरान अमित ने महिला का नहाते हुए वीडियो चुपके से बनाया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करना शुरू किया। उस वीडियो के दम पर उसने महिला का शारीरिक शोषण किया और बाद में उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने ऑनलाइन कुछ पैसे भी उसे दिए। उसने महिला से फिर 80 हजार रुपये की मांग की। जब महिला वह पैसे देने में असमर्थ रही तो उसने उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। साथ ही उसकी जिंदगी बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश