आर्चरी मस्कट ने रांची में संभाली ट्रैफिक जागरुकता की कमान, पुलिसकर्मियों ने समझाए यातायात नियम

 




रांची, 23 अक्टूबर (हि.स.)। रांची के कांटाटोली चौक पर पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में आर्चरी मस्कट ‘प्रताप’ के माध्यम से आम नागरिकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस के पदाधिकारियों और कर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, यातायात संकेतों और सड़क चिह्नों का पालन करने और निर्धारित दिशा में वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया।

साथ ही, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की भी अपील की गई। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें और सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि यातायात नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।

इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे