रोजगार मेला बेरोजगार युवाओं के सवालों से ध्यान भटकाने की कोशिश : राकेश
रांची, 19 सितंबर (हि.स.)। देश का युवा नौकरी मांग रहा है और केंद्र मंच और नियुक्ति पत्रों के आंकड़ों के जरिए अपनी उपलब्धि का प्रचार कर रहा है। यह बातें प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा।
राकेश ने कहा कि कुछ हजार नियुक्ति पत्र बांटकर करोड़ों युवाओं के रोजगार के सवाल से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। नियुक्ति पत्र बांटना
किसी भी सरकार का कर्तव्य है, कोई उपकार नहीं।
उन्होंने कहा कि सवाल है कि देश में सरकारी विभागों में कितने पद खाली हैं, कितनी भर्तियां लंबित हैं और लाखों युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के बाद भी नियुक्ति का इंतजार क्यों कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले की चकाचौंध और मंच से होने वाले भाषण बेरोजगारी की जमीन पर मौजूद सवालों का जवाब नहीं हैं। सरकार को प्रचार से बाहर निकलकर संसद और देश की जनता के सामने रोजगार सृजन के विस्तृत और पारदर्शी आंकड़े रखना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak