असामाजिक तत्वों ने मचाया उत्पात, कई गाड़ियों के शीशे तोड़े

 




रांची, 04 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित निजाम नगर में सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। यहां मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी 6 से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने देर रात कई वाहनों को निशाना बनाया। क्षतिग्रस्त वाहनों में हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो और सूमो सहित अन्य गाड़ियां शामिल हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। तोड़फोड़ की इस घटना में एक डीएसपी स्तर के अधिकारी का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

मंगलवार सुबह जब वाहन मालिकों ने अपनी गाड़ियों के शीशे टूटे हुए देखे तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि तोड़फोड़ करने वाले आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे