चुटूपालू घाटी में फिर हादसा, बाल-बाल बचे बैंक के दो शाखा प्रबंधक
रामगढ़, 18 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर घाटी में दो अलग अलग सड़क दुर्घटना होने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कोटक महिंद्रा बैंक के रांची बूटी मोड़ और रामगढ़ शाखा के प्रबंधक बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, कोटक महिंद्रा बैंक रांची बूटी मोड़ शाखा प्रबंधक राजेश सिन्हा और रामगढ़ शाखा प्रबंधक सुमन कुमार अपनी बोलेनो कार संख्या (जेएच 01ईटी 9396) से रांची से रामगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने बोलेनो को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि कार सवार दोनों शाखा प्रबंधकों को गंभीर चोट नहीं आई।
वही, दूसरी घटना रांची से रामगढ़ की ओर आ रही छाई लदा हाइवा संख्या (जेएच 09जेड 2099) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया और सड़क के बीचों बीच पलट गया। घटना के बाद घाटी में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया।
चुटूपालू घाटी में लगातार हो रहे हादसों को लेकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति के बावजूद सुरक्षा इंतजामों को लेकर ठोस और प्रभावी पहल की जरूरत बनी हुई है। हादसों के कारणों की जांच और दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग भी उठ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश