धूमधाम से संपन्न हुई माता शीतला की वार्षिक पूजा
देवघर, 07 अप्रैल (हि.स.)। श्री श्री शीतला पूजा समिति की ओर से नगर कल्याण और जन-कल्याण की कामना के साथ माता शीतला की वार्षिक पूजा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई।
पूजा कार्यक्रम का शुभारंभ गत 30 मार्च से हुआ था, जो पूरे सप्ताह धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष पूजन के साथ जारी रहा।
मंगलवार को माता की भव्य वार्षिक पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पूरे सप्ताह प्रतिदिन माता शीतला की विशेष पूजा के साथ चंडी पाठ का आयोजन किया जाता रहा। समिति के वरिष्ठ सदस्य शंभु प्रसाद केसरि ने बताया कि पिछले आठ दिनों से नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठान चल रहे थे और मंगलवार को मुख्य वार्षिक पूजा संपन्न की गई। संध्या बेला में माता का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके बाद केसरवानी आश्रम में कन्या पूजन और भंडारा का आयोजन किया गया।
मौके पर मौजूद महिला श्रद्धालुओं ने बताया कि वे हर वर्ष माता शीतला की वार्षिक पूजा में शामिल होने मंदिर पहुंचती हैं। यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और विशेष आनंद की अनुभूति होती है। पूजा को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य लगातार सक्रिय रहे और श्रद्धालुओं की भीड़ को सुव्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करते नजर आए।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद केशरी, सचिव अनिल केशरी, अमरनाथ दास, लसुनील कुमार केशरी, वार्ड संख्या-12 के वार्ड पार्षद अनूप कुमार बर्णवाल, गोपाल शर्मा, अनिल गुप्ता, महेश, सिद्धार्थ केशरी सहित समिति के कई सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy