मांडू थाना का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
रामगढ़, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मांडू इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने रविवार को मांडू थाना का वार्षिक निरीक्षण किया।
इस दौरान थाना के विभिन्न अभिलेखों की गहनता से जांच की गई और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
साथ ही वारंटियों और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए नियमित रूप से छापामारी अभियान चलाने को कहा गया।
पुलिस पदाधिकारियों को बैंक और एटीएम की विशेष निगरानी रखने के साथ-साथ थाना क्षेत्र में अड्डाबाजी एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन गश्ती करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आगामी दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने एवं पुलिस गश्ती बढ़ाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश