श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम में महाप्रसाद वितरण के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

 


रांची, 03 अगस्त (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, पुंदाग की ओर से संचालित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में सोमवार को ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में 277वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन श्रद्धा और जनसेवा के भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर ए.आर. हेल्थ केयर के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई।

मंदिर परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लगभग 120 लोगों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय कुमार और डॉ. सुरेंद्र प्रसाद ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार संबंधी सुझाव दिए।

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अब मंदिर परिसर में प्रत्येक माह नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर में श्री राधा रानी के विशेष श्रृंगार, वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडेय ने भगवान श्री राधा-कृष्ण को महाप्रसाद अर्पित किया। आरती के उपरांत हजारों श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, मैंगो जूस और आलू चिप्स का महाप्रसाद वितरित किया गया।

इस दौरान भजन गायक मनीष सोनी ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। पूरे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। ट्रस्ट की ओर से धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar