एएनएम-जीएनएम प्रवेश परीक्षा को लेकर छह केंद्रों में निषेधाज्ञा लागू
रांची, 22 अगस्त (हि.स.)। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की ओर से आयोजित एएनएम-जीएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को लेकर रांची के छह परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है। परीक्षा 23 अगस्त 2026 को होगी। निषेधाज्ञा सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
परीक्षा के कदाचारमुक्त संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश पर परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर ने बीएनएसएस की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। हालांकि सरकारी कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है।
इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, अस्त्र-शस्त्र तथा लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा और भाला जैसे हरवे हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। इस क्षेत्र में किसी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने की भी अनुमति नहीं होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar