बिजली ऑफिस में पीएलएफआई लिखा लिफाफा मिलने से दहशत, पुलिस जांच में जुटी
रांची,09 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) का लिफाफा मिलने पर दहशत का माहौल है।
धुर्वा थाना स्थित बिजली सब स्टेशन में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब एक कारतूस के साथ बंधा लिफाफा मिला। 315 बोर की गोली को एक धागे के जरिए लिफाफे में बांध दिया गया था। लिफाफा के ऊपर उग्रवादी संगठन पीएलएफआई काले अक्षरों में लिखा हुआ था। जबकि लाल अक्षर में लाल सलाम और जरूरी सूचना लिखा हुआ था।
बिजली विभाग के कर्मचारी जैसे ही कार्यालय पहुंचे उनके बीच हड़कंप मच गया। इसके बाद जानकारी धुर्वा पुलिस को दी गई। मामले की जानकारी हासिल होने के बाद धुर्वा थाना प्रभारी खुद मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल करने के बाद लिफाफा को जब्त कर अपने साथ ले गए।
लिफाफा पानी की वजह से भींग गया था, इसलिए उसे तुरंत नहीं खोला जा सका। सूखने के बाद जब बंद लिफाफे को खोला गया तो उसमें मात्र एक व्यक्ति का नाम लिखा हुआ मिला। जिस व्यक्ति का नाम लिफाफे के अंदर लिखा गया है,वह पास के ही रहने वाला है। पुलिस ने उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि उसने इन सब में अपनी भूमिका से साफ इंकार किया है।
हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि बंद लिफाफा और कारतूस मिलना किसी व्यक्ति विशेष के जरिए आपसी दुश्मनी को साधने का मामला नजर आ रहा है। जांच में लिफाफा के अंदर कोई भी धमकी या किसी तरह की कोई बात नहीं लिखी गई है। हालांकि फिर भी पुलिस अलर्ट है और मामले की जांच कर रही है। बिजली बिल के विवाद या फिर किसी अन्य तरह के विवाद को लेकर भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे