एम्बुलेंस संघ ने की सम्मान फाउंडेशन से अनुबंध करने के फैसले की आलोचना
रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से चार अहम सवालों का सार्वजनिक जवाब मांगा है। संघ ने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कर्मचारियों के साथ न्याय करने की मांग की है।
संघ का कहना है कि कर्मचारी पूर्व में सरकार के साथ हुए समझौते को लागू कराने, बकाया वेतन भुगतान और ईपीएफ और ईएसआईसी जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में अपने अधिकारों की मांग करना क्या अपराध है।
संघ ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि सरकार ने छठ पूजा तक समस्याओं के समाधान का समय दिया था, लेकिन मांगें अब भी लंबित हैं। संघ ने स्वास्थ्य मंत्री और विभाग से सार्वजनिक जवाब, बकाया भुगतान एवं कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की है।
संघ ने एम्बुलेंस की अनुपलब्धता के कारण हुई मौतों पर भी जवाबदेही तय करने की मांग की है। सवाल उठाया कि जब कर्मचारी हड़ताल पर नहीं थे, तब हुई ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों या संबंधित कंपनी के विरुद्ध एफआईआर और कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
इसके अलावा संघ ने25 मई 2026 को सम्मान फाउंडेशन का अनुबंध रद्द किए जाने के बावजूद उसी कंपनी से 108 एम्बुलेंस सेवा संचालित कराने के निर्णय की आलोचना की। संघ ने पूछा कि नई कंपनी के चयन की प्रक्रिया अब तक पूरी क्यों नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar