रामगढ़ में 800 एकड़ जंगल सहित आठ स्थानों की जमीन पर कब्जे के विरोध में दिया धरना
रामगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले में सरकारी, गैर-मजरुआ, वन एवं धार्मिक स्थलों की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और फर्जी दस्तावेज के जरिए खरीद-बिक्री के विरोध में किसान बेरोजगार संघर्ष मोर्चा ने उपायुक्त कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान मोर्चा की ओर से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आठ चिन्हित स्थलों पर भूमि संबंधी गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई।
मोर्चा के केंद्रीय संयोजक पंकज महतो ने आरोप लगाया कि अंचल कार्यालय और वन विभाग के कुछ पदाधिकारियों और कर्मियों की कथित मिलीभगत से जिले में सरकारी जमीन की लूट का खेल चल रहा है।
उन्होंने बताया कि रांची रोड रउता में लगभग 800 एकड़ जंगल की जमीन पर फर्जी दस्तावेज के जरिए कब्जे का गंभीर मामला है। इसके अलावा कुंदरू खुर्द स्थित राधा कृष्ण मठ की 17 एकड़ 18 डिसमिल जमीन, झंडा चौक का सार्वजनिक तालाब, साईं मंदिर के समीप केसर-ए-हिंद जमीन, लोहार टोला का पारंपरिक होलिका दहन स्थल, शनिश्चरा हाट, बाजार समिति के पीछे की सरकारी जमीन और रांची रोड मरार की जमीन पर कथित अतिक्रमण का मामला उठाया गया।
मोर्चा ने सभी आठ स्थलों की भौतिक और अभिलेखीय जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित करने, अवैध जमाबंदी और दाखिल-खारिज रद्द करने और अतिक्रमण हटाने की मांग की। साथ ही दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग रखी।
रामकुमार कश्यप ने कहा कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में दीपक मिश्रा, विजय दुबे, कालेश्वर कुशवाहा, शिवदेव कुशवाहा, अमित गुप्ता, रूबी देवी, संगीता देवी, सुनीता देवी, पिंकी देवी सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश