डीसी ने प्रति माह 02 थाना दिवस आयोजित करने का दिया निर्देश
रामगढ़, 20 अप्रैल (हि.स.)। डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुणावत की उपस्थिति में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में डीसी ने सभी प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षा, पर्यटन सहित अन्य विभागों के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया।
बैठक के दौरान एसपी ने सभी विभागों के अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यटन विकास, सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण नियंत्रण और भूमि संबंधी मामलों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।
डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अगले माह से प्रत्येक थाना क्षेत्र में प्रति माह दो थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि आम जनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त डीसी ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को अपने-अपने क्षेत्रों में जनता दरबार का आयोजन करें। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पादन उनकी प्रकृति के अनुसार 07 दिन, 15 दिन या अधिकतम 90 दिनों के भीतर किया जाए।
बैठक के दौरान डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सुझाव भी आमंत्रित किया और प्राप्त सुझावों के आधार पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जरूरी दििशा-निर्देश दिया। डीसी ने सभी अधिकारियों को जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसेवा होनी चाहिए।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, डीडीसी, विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश