जमीन पर कब्जे का आरोप, डीसी ने जांच का दिया निर्देश
रामगढ़, 09 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र के पिपरा जारा गांव निवासी प्यारे लाल साव ने अपनी पत्नी के नाम से खरीदी गई जमीन पर जबरन कब्जा करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, उनकी पत्नी पारो देवी के नाम से मौजा कैथा में खाता संख्या 23, प्लॉट संख्या 1977 में पांच डिसमिल जमीन खरीदी गई है। आरोप है कि पंकज महतो नामक व्यक्ति ने जमीन के करीब तीन-चार फीट हिस्से पर कब्जा कर रातों-रात चहारदीवारी कर दी और रास्ता बाधित कर दिया।
प्यारे लाल साव का आरोप है कि इसका विरोध करने पर पंकज महतो ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उनकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा कपड़ा फाड़ने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया गया है। आवेदन में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक का नाम लेकर धमकी देने का भी उल्लेख है।
आवेदक के अनुसार, जमीन की दाखिल-खारिज प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने जमीन की मापी के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन देकर शुल्क भी जमा किया था। आरोप है कि मापी के लिए पहुंचे अंचल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भी पंकज महतो ने अभद्र व्यवहार किया।
प्यारे लाल साव ने उपायुक्त से मामले की जांच कर जमीन की मापी कराने, कथित अवैध कब्जा हटाने और आरोपित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उपायुक्त ऋतुराज ने मामले का संज्ञान लेते हुए अंचल अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश