डीसी-एसपी के नेतृत्व में सावन की सभी सोमवारी सफलतापूर्वक संपन्न
देवघर, 24 अगस्त (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला की चौथी और अंतिम सोमवारी भी बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद और जिला प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण, सुलभ और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो गई। पूरे सावन माह चलने वाले इस महाआयोजन में जिला प्रशासन के सभी विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं को जमीन पर उतारना, अधिकारियों और कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करना और लगातार मॉनिटरिंग करना जिला के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसे दोनों अधिकारियों ने पूरी तत्परता के साथ निभाया।
मेले की सफलता में उपायुक्त और एसपी के साथ उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, एसडीएम रवि कुमार सहित नगर निगम की आयुक्त सुलोचना मीणा और अन्य पदाधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए लगातार मैदान में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की।
श्रावणी मेला में सबसे बड़ी चुनौती क्राउड मैनेजमेंट की होती है। पूरे मासव्यापी मेले में करीब 60 लाख कांवरियों के जलार्पण की उम्मीद के बीच अब तक लगभग 53 लाख श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण कर चुके हैं। इतनी विशाल भीड़ को व्यवस्थित रखना, श्रद्धालुओं को धैर्यपूर्वक समझाना और उन्हें सुरक्षित एवं सुगम तरीके से जलार्पण करवाना प्रशासन के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मियों ने इस चुनौती का लगातार बेहतर तरीके से सामना किया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण में पुलिस बल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की सक्रियता इस दौरान विशेष रूप से चर्चा में रही। खासकर रविवार की रात और सोमवार को उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एसपी स्वयं कई बार सड़क पर उतरकर जवानों का मनोबल बढ़ाते नजर आए।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लगातार मॉनिटरिंग करने के साथ जरूरत पड़ने पर एसपी स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। लंबे समय तक ड्यूटी करने के कारण कई जवान थकान और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझते रहे, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार प्रोत्साहन और नेतृत्व से उनमें नई ऊर्जा बनी रही।
चौथी सोमवारी के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर स्वयं भी अस्वस्थ हो गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटना स्वीकार नहीं किया। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद वे लगातार व्यवस्था की निगरानी करते रहे और मेले के दौरान सामने आई चुनौतियों का सामना करते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था को मजबूती दी।
श्रावणी मेला की चारों सोमवारी को जिस तरह से प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराया, उसकी चर्चा अब आम लोगों के बीच भी हो रही है। देवघरवासियों और श्रद्धालुओं के बीच उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, एसपी प्रवीण पुष्कर सहित तमाम सहयोगी अधिकारियों और कर्मियों की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।
श्रावणी मेला अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और शेष दिनों में भी प्रशासन के सामने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy