तमिलनाडु गैस रिसाव हादसे में सभी 42 प्रवासी श्रमिक ट्रेन से झारखंड के लिए रवाना

 




रांची, 30 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रम विभाग और राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष की ओर से तमिलनाडु गैस रिसाव हादसा में प्रभावित झारखंड के सभी 42 श्रमिकों की सुरक्षित झारखण्ड वापसी सुनिश्चित कर ली गई है। सभी श्रमिक ट्रेन से झारखंड के लिए रवाना हो चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स फैसिलिटी में 21 जून 2026 को हुई अमोनिया गैस रिसाव की दुःखद औद्योगिक दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने कड़े निर्देश जारी किए थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष को स्पष्ट आदेश दिया था कि प्रभावित झारखंड के सभी प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित और सकुशल गृह वापसी के लिए तत्काल हर संभव कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री के आदेश का पालन करते हुए श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सचिव और श्रमायुक्त के मार्गदर्शन में नियंत्रण कक्ष ने तिरुवल्लूर जिला प्रशासन, तमिलनाडु श्रम विभाग, रेलवे बोर्ड, दक्षिण रेलवे एवं अस्पताल प्रशासन के साथ 24 घंटे समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू और राहत अभियान चलाया।

इस औद्योगिक हादसे में झारखण्ड के कुल 42 प्रवासी श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जिन्होंने अपने गृह राज्य लौटने की इच्छा व्यक्त की। झारखंड सरकार के विशेष अनुरोध और सतत समन्वय के बाद, रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेन अलप्पुझा–धनबाद एक्सप्रेस में झारखंड के श्रमिकों के लिए एक विशेष स्लीपर कोच स्वीकृत किया गया। इसके बाद मंगलवार को सभी 42 श्रमिक चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से सकुशल झारखंड के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। यात्रा के दौरान इन श्रमिकों के लिए पैंट्री कार के माध्यम से भोजन-पानी और सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त रेलवे सुरक्षा बल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है।

मृतका प्रीति देवी का पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से लाया जा रहा रांची

इस हादसे में धनबाद निवासी श्रमिक प्रीति देवी का उपचार के दौरान चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल में दुःखद निधन हो गया था। झारखंड सरकार की पहल पर मृतका के परिजनों के तमिलनाडु आगमन, शव की पहचान, पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक औपचारिकताओं को पूर्ण कराया गया। तमिलनाडु सरकार के सहयोग से मृतका का पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची पहुंचेगा। झारखण्ड सरकार की ओर से एयरपोर्ट पर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ उनके गृह जिला धनबाद भेजा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे