अक्षय तृतीया पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भक्ति का माहौल, श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण

 


रांची, 20 अप्रैल (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में सोमवार को पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में अक्षय तृतीया का पर्व श्रद्धा और भक्ति-भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन पूजा से हुई, जिसे पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। इस अवसर पर राधा रानी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें उन्हें नए वस्त्र और आभूषणों से सजाया गया। उनकी भव्य छवि ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया और मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए, जिससे माहौल और भी आध्यात्मिक हो गया। भगवान राधा-कृष्ण को लड्डू, पेड़ा, मेवा, फल और खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया।

पूजा के उपरांत सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महाआरती के बाद सभी के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने अक्षय तृतीया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन किया गया दान-पुण्य अक्षय फल देने वाला माना जाता है।

इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, निर्मल जालान, राजेंद्र अग्रवाल, मनोज कुमार चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, संजय सर्राफ, सुनील पोद्दार, सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, विष्णु सोनी, अंजनी अग्रवाल, मनीष सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत सहित कई गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar