आजसू के मिलन समारोह में सैकड़ों युवाओं ने ग्रहण की सदस्यता

 


पूर्वी सिंहभूम, 26 जुलाई (हि.स.)। आजसू पार्टी के संगठन विस्तार के तहत रविवार को मानगो के कुंवर बस्ती में आयोजित आजसू यूथ मिलन समारोह में बड़ी संख्या में युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान नवसदस्यों ने पार्टी के संविधान,सिद्धांत और विचारधारा के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए झारखंड के जनहित और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि युवाओं का बढ़ता विश्वास इस बात का संकेत है कि राज्य में जनसरोकारों की राजनीति के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और मानगो से बड़ी संख्या में युवाओं का पार्टी से जुड़ना पूर्वी सिंहभूम में संगठन की मजबूत होती पकड़ को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और अधिक युवा आजसू से जुड़कर झारखंड के अधिकारों और विकास के मुद्दों पर पार्टी की आवाज को मजबूत करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि आजसू हमेशा युवाओं को नेतृत्व देने और उन्हें सामाजिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय करने का कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़ने वाला प्रत्येक युवा झारखंड के सम्मान,विकास और जनहित के संघर्ष का सहभागी बने एवं अनुशासन तथा समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मानगो मंडल अध्यक्ष अजय उपाध्याय ने की।

इस अवसर पर जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी, जिला उपाध्यक्ष चंद्रेश्वर पांडेय, युवा आजसू जिला प्रभारी मंटू शुक्ला और विकास महतो ने भी नवसदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह में निर्भय पांडेय, रोहित तिवारी, नितेश तिवारी, राहुल गुप्ता, आस्तिक कुमार, सूरज कुमार, स्वस्तिक सोनी, अंकित कुमार शर्मा, मनोहर कुमार, राजन कुमार, दीपेश पांडेय, सुमित सिंह सहित सैकड़ों युवाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक