जैक के परीक्षा फीस में की गई वृद्धि को लेकर आजसू ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

 


रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन लाेकभवन और मुख्यमंत्री आवास के संबंधित अधिकारियों को सौंपा।

ज्ञापन में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से मैट्रिक और इंटर की परीक्षा फीस में की गई बढ़ोतरी को कम करने की मांग की गई। आजसू ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि जैक की आधिकारिक वेबसाइट और विभिन्न अखबारों के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त हो रही है कि वर्ष 2026–27 में आयोजित होने वाली मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा शुल्क में परिषद ने वृद्धि की है।

प्रतिनिधिमंडल नेकहा कि राज्य में पहले से ही लाखों विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित हैं। ऐसी परिस्थिति में परीक्षा शुल्क में की गई यह बढ़ोतरी छात्रों और उनके अभिभावकों के ऊपर एक अतिरिक्त आर्थिक बोझ के रूप में पड़ेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के जरिये राज्य सरकार से वर्ष 2026–27 की मैट्रिक और इंटर परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने एवं छात्र हित में शुल्क को पूर्ववत रखने का आग्रह किया है।

मौके पर आजसू के छात्र इकाई के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश सचिव राजेश सिंह, अनुष्का सिन्हा, महानगर अध्यक्ष अमन साहू, महानगर उपाध्यक्ष यश सोनी सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak