आजसू ने की संताल के 27 प्रखंड प्रभारियों की घोषणा
देवघर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। आजसू पार्टी ने संताल परगना प्रमंडल में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के निर्देश पर प्रमंडल के 27 प्रखंड प्रभारियों की घोषणा की गई है। इसके माध्यम से संगठन का विस्तार करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई है।
घोषित प्रखंड प्रभारियों की सूची में संजीव महतो, बसंत राय, सुरेश चंद्र महतो, मनोज मरांडी, अजय कुमार, राजा साहनी, जितेंद्र चौधरी, ध्रुव प्रसाद साह, राजेश महतो, अरुण कुमार, दीपक मंडल, रविंद्र नाथ महतो (पिंटू), अशोक सिंह, बासुदेव गोस्वामी, श्यामल वाद्यकर, पुरुषोत्तम ठाकुर, राजकुमार बाउरी, आदर्श लक्ष्य, आलोक पाल, आलमगीर आलम, मो. अख्तर, मोफीज, संजय कुमार, सुजीत मुर्मू, सचिन कुशवाहा, चतुरानंद पांडेय और केदार महतो के नाम शामिल हैं।
इस संगठनात्मक फेरबदल में देवघर जिले के लिए पार्टी के केंद्रीय सचिव ध्रुव प्रसाद साह को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोड्डा जिला प्रभारी की जिम्मेदारी के साथ उन्हें अपने गृह जिले देवघर के चार प्रखंडों का संगठन प्रभारी भी बनाया गया है। इनमें देवघर विधानसभा क्षेत्र के देवघर और मोहनपुर प्रखंड, मधुपुर विधानसभा क्षेत्र का मारगोमुंडा प्रखंड एवं जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र का सोनारायठाढ़ी प्रखंड शामिल है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर केंद्रीय सचिव ध्रुव प्रसाद साह ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कमेटी और पार्टी अध्यक्ष ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए गर्व की बात है। गोड्डा जिला प्रभारी के साथ देवघर जिले के चार महत्वपूर्ण प्रखंडों की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सम्मान का विषय है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे। बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और पार्टी की नीतियों एवं विचारों को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy