धनबाद में 22 को आयोजित होगा आजसू का 40 वां स्थापना दिवस समारोह
रांची, 08 जून (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि आजसू ने संघर्ष कर अलग राज्य का निर्माण किया है। लेकिन अभी तक शहीदों के सपनों का झारखंड नहीं बन पाया है। राज्य में माफिया राज चल रहा है। शोषण और लूट के खिलाफ आवाज उठाने वालों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजसू का स्थापना दिवस 22 जून को धनबाद में आयोजित किया जाएगा, जहां से एक नए उलगुलान के लिए संघर्ष का बिगुल फूंका जाएगा।
सुदेश ने यह बातें सोमवार को पार्टी के केंद्रीय समिति की रांची के जायका हैपीनेस बैंक्वेट हॉल सभागार में आयोजित बैठक में बोल रहे थे।
बैठक में निर्णय लिया गया 05 जुलाई को रांची में महिलाओं का और 7–8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा आजसू का महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा।
इस मौके पर सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा, पूर्व मंत्री राम चंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने भी बैठक को संबोधित किया।
बैठक में राज्य के जनसरोकार और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया और राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर विशेष चर्चा की गई।
साथ ही राज्यव की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की गई और राज्य सरकार के कार्यों की समीक्षा की गई एवं राज्य के वर्तमान हालात पर चिंता व्यक्त की गई।
संगठन विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए बूथ, पंचायत, प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनी। साथ ही पार्टी के अनुषंगी संगठनों महिला, युवा, छात्र, किसान, एससी, एसटी, ओबीसी और श्रमिक संगठनों के सम्मेलन पर चर्चा हुई। इसके अलावा धनबाद की घटना पर विचार-विमर्श किया गया और घटना की समीक्षा एवं पार्टी की प्रतिक्रिया तथा भावी आंदोलनात्मक कार्यक्रम पर चर्चा हुई।
बैठक में केंद्रीय महासचिव संतोष महतो, हरे लाल महतो, यशोदा देवी, निर्मला भगत, काशीनाथ सिंह, संजय मेहता, जयपाल सिंह, केंद्रीय सचिव बबिता देवी, बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो, राजेश महतो, अश्विनी महतो, प्रो अल्लाउद्दीन अंसारी, दुर्गा चरण महतो, ध्रुव साह, नवीन महतो, संतोष महतो, टिकैत महतो, सुशेन रजवार, सूरज महतो, डॉ केपी सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थे।
सैकड़ों लोगों ने आजसू का दामन थामा
बैठक के दौरान सैकड़ों लोगों ने पार्टी का दामन थामा। इसमें चंदनकियारी के युवा नेता विकास बाउरी, समाजसेवी पंकज सिंह, भारतीय रजवार विकास संघ के धर्म देव रजवार,पूर्व कार्यपालक अभियंता सुरजन कपरदार सहित अन्य का नाम शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak