मनरेगा जिला स्तरीय एमआईएस कर्मियों का एआई प्रशिक्षण शुरू

 


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मनरेगाविकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबीजी राम जी) के जिला स्तरीय एमआईएस कर्मियों के लिए गुरुवार को दो दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा आधारित डिजिटल टूल्स पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।

आयुक्त मृत्युंजय बरणवाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिला स्तर के एमआईएस कर्मियों को आधुनिक एआई तकनीकों और डिजिटल टूल्स से प्रशिक्षित कर कार्यों में दक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्ता बढ़ाना है।

यह प्रशिक्षण ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की डिजिटल क्षमता निर्माण की परिकल्पना के अनुरूप आयोजित किया गया है। इसमें राज्य के सभी 24 जिलों से करीब 55 जिला स्तरीय एमआईएस कर्मी भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को लोकर स्टूडियो नोटबुक एलएम, गूगल एआई स्टूडियो और कोडिंग फॉर नन कोडर्स जैसे आधुनिक डिजिटल टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा डेटा प्रबंधन, डेटा विश्लेषण, सरकारी आंकड़ों की सुरक्षा, गोपनीयता और एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

ग्रामीण विकास विभाग के एआई स्पोर्ट सेल के विनोद कुमार पांडे ने एआई की संभावनाओं, सीमाओं और नैतिक उपयोग पर जानकारी दी। वहीं पुणे से आईं एआई और डेटा विशेषज्ञ नीलम पाठक प्रतिभागियों को डेटा विजुअलाइजेशन और एआई आधारित कार्यप्रणालियों का प्रशिक्षण दे रही हैं। विभाग के अनुसार यह पहल डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने और तकनीक-सक्षम मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मौके पर कई अधिकारी पदाधिकारी कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar