झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं में एआई की एंट्री, गूगल के साथ एमओयू की पहल
रांची, 02 मई (हि.स.)। झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पहल के तहत राज्य के स्वास्थ्य विभाग में एआई के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए गुगल एलएलसी के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) की पहल की गई है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि एआई तकनीक के लागू होने से सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों में जांच, इलाज और डेटा प्रबंधन की प्रक्रिया तेज और अधिक सटीक होगी। इससे मरीजों की बीमारी की समय पर पहचान, जांच रिपोर्ट तैयार करने और उपचार व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीकी संसाधनों को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दे रही है। एआई के उपयोग से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस नई तकनीक से डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को कार्य में बेहतर सहयोग मिलेगा, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही अस्पतालों में संसाधनों की निगरानी, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों के रिकॉर्ड के प्रबंधन में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
सरकार को उम्मीद है कि यह पहल राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को अधिक मजबूत और भविष्य के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar