गौ-सेवा कर अग्रवाल युवा सभा ने दिया सेवा और संस्कार का संदेश

 


रांची, 05 जुलाई (हि.स.)। रांची अग्रवाल युवा सभा की ओर से रविवार को हरमू रोड स्थित रांची गौशाला (गोकुलधाम) में गौ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान निर्बल और असहाय गायों को हरी सब्जियां, घास, रोटी और गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की गई। इस अवसर पर गौ संरक्षण और गौ सेवा के महत्व को समाज तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।

सभा के प्रवक्ता अमित प्रकाश बजाज ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति में गौ सेवा की परंपरा और उसके महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि समाज के अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने और गौ संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दानदाता निखिल सुल्तानिया और अनूप टेकरीवाल रहे, जिनके सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सभा ने दोनों दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक और धार्मिक कार्यों में समाज के सहयोग से ही ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जा सकता है।

कार्यक्रम के संयोजक अग्र अनुराग सिंघानिया और अग्र विशाल महल्का ने आयोजन की सभी व्यवस्थाओं का संचालन किया। इस दौरान अग्रवाल युवा सभा के सदस्यों और उनके परिवारजनों ने भी उत्साहपूर्वक गौ सेवा में भाग लिया तथा गायों को चारा खिलाकर सेवा कार्य में अपना योगदान दिया।

सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने समाज के लोगों से गौ संरक्षण एवं सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष रोहित सरावगी, सचिव चेतन पोद्दार, संस्थापक अध्यक्ष सौरभ बजाज, निवर्तमान अध्यक्ष रौनक झुनझुनवाला, आशीष अग्रवाल, अरुण पोद्दार, मोहित अग्रवाल, तरुण सराफ, आलोक बजाज, विकास अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सभा के सदस्य और उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गौ संरक्षण और सामाजिक सेवा के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar