राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में अग्रसेन डीएवी की छात्राओं ने लहराया परचम

 


रामगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। ऊर्जा संरक्षण विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में अग्रसेन डीएवी पब्लिक स्कूल भरेचनगर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और रामगढ़ का नाम रोशन किया। राज्यभर के 12,706 विद्यार्थियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने अपनी कला, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच के दम पर पुरस्कार हासिल किए।

कक्षा आठवीं की छात्रा सृष्टि पंडित ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 30 हजार रुपये का चेक, मेडल, प्रमाणपत्र और उपहार प्रदान किया गया। सृष्टि की इस सफलता ने अब राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का रास्ता खोल दिया है। आगामी 11 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वे झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

विद्यालय की कक्षा नौवीं की छात्रा खुशी कुमारी और कक्षा सातवीं की छात्रा मीठी कुमारी ने भी अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दोनों छात्राओं को दो-दो हजार रुपये के चेक, मेडल, प्रमाणपत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

दामोदर घाटी निगम की ओर से राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन रांची के डोरंडा स्थित पलाश सभागार में किया गया। प्रतियोगिता का विषय 'ऊर्जा संरक्षण' था। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के ऊर्जा विभाग के संयुक्त सचिव सह निदेशक अनंत कुमार (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के प्राचार्य जीपी झा ने छात्राओं की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश