प्रशासन ने 06 महीने बाद मूक बधिर बच्चे को मिलाया परिजनों से
रामगढ़, 18 मई (हि.स.)। जिला प्रशासन की पहल से एक और बच्चा अपने परिवार तक पहुंच गया। सोमवार को जब बच्चे के परिजन समाज कल्याण विभाग पहुंचे, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। 06 महीने से लापता उनका 15 वर्षीय पुत्र उनके कलेजे से लग गया।
27 नवंबर 2025 को एक 15 वर्षीय मूक बधिर बालक भटकता हुआ चाइल्ड हेल्प लाइन, रामगढ़ को कोठार चौक में मिला। बच्चा अपना नाम और पता बताने में बिल्कुल असमर्थ था। बच्चे की बेहतर देखभाल और पालन पोषण के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई की ओर से बच्चे के परिवार की खोजबीन शुरू की गई। बालक की पहचान के लिए विज्ञापन निकाला गया। बालक का आधार कार्ड पूर्व में बने होने के कारण घर का पता मिल पाया और बालक के परिजन से सम्पर्क हो पाया।
सोमवार को 06 माह बाद आधार कार्ड के माध्यम से और जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रयास से मूक बधिर बालक को उसकी मां को सुपूर्द किया गया। सुपूर्द करते समय शंकर प्रसाद (सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग), संतोष भगत (जिला योजना पदाधिकारी, इन्दु प्रभा खलखो (जिला समाज कल्याण पदाधिकारी), शांति बागे (जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी), अमर कुमार टोप्पो (सदस्य, बाल कल्याण समिति), आरती पंकज, रणजीत कुमार साहु, अनिल कुमार मेहता, श्रवण कुशवाहा, सोबन कुमार उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश