अवैध बालू और स्टोन चिप्स लदे दो वाहन जब्त

 




रामगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर गुरुवार को गोला थाना क्षेत्र में खनिज लदे वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बालू और पत्थर खनिजों का परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई। जांच में परिवहन चालान नहीं होने पर दो वाहनों को खनिज सहित जब्त किया गया।

जांच अभियान के दौरान गोला रोड स्थित सरगडीह के समीप वाहन संख्या जेएच 01 क्यू 6952 को पकड़ा गया। वाहन पर लगभग 200 सीएफटी स्टोन चिप्स लदा हुआ था। जांच के क्रम में चालक ने खनिज परिवहन से संबंधित वैध चालान प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद उक्त वाहन को स्टोन चिप्स सहित विधिवत जब्त कर बरलंगा थाना को सुपुर्द कर दिया गया।

वहीं, बरलंगा थाना परिसर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से रखे गए हरे रंग के जॉन डियर ट्रैक्टर की भी जांच की गई। ट्रैक्टर पर लगभग 100 सीएफटी बालू लदा हुआ था। जांच के दौरान इसके परिवहन से संबंधित चालान भी उपलब्ध नहीं पाया गया। इसके बाद ट्रैक्टर को बालू सहित जब्त कर थाना को सुपुर्द किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश