माता-पिता को खो चुके दो बच्चों की मदद को आगे आया जिला प्रशासन
-राशन-कंबल उपलब्ध कराया, गुरुकुल विद्यालय में कराया गया दाखिला
रांची, 07 अक्टूबर (हि.स.)। तमाड़ थाना क्षेत्र की कुंदला पंचायत के लेकया गांव निवासी योगेंद्र मुंडा और उनकी पत्नी सावित्री देवी के असामयिक निधन के बाद बेसहारा हुए उनके दोनों बच्चों की मदद के लिए जिला प्रशासन आगे आया है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर बुधवार को बच्चों के परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।
प्रशासन की ओर से परिवार को कंबल और राशन सामग्री दी गई, ताकि उनकी तत्काल जरूरतें पूरी हो सकें। बच्चों की शिक्षा और सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों का दाखिला प्रखंड के गुरुकुल विद्यालय में कराया गया है। विद्यालय में उन्हें निःशुल्क शिक्षा, ड्रेस और छात्रावास की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा दोनों बच्चों को बाल संरक्षण विभाग की स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। योजना के माध्यम से उन्हें आवश्यक संरक्षण, सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मामले में बुंडू के अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर लाल मरांडी और तमाड़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। जिला प्रशासन के अनुसार, माता-पिता को खो चुके बच्चों को अकेलेपन और अभाव का सामना न करना पड़े, इसके लिए उनकी शिक्षा, संरक्षण, पोषण और सुरक्षित भविष्य से जुड़ी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar