दिव्यांगों के लिए लगा विशेष जागरूकता शिविर, दी गई योजनाओं की जानकारी

 




रामगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)।

जिले के दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, उनकी जरूरतों की पहचान करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और दीपशिखा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को स्पैस्टिक आवासीय विद्यालय, सुकरीगढ़ा लारी में विशेष जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में इस दौरान दिव्यांगजनों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी ऋतुराज, डीडीसी आशीष अग्रवाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ प्रभात शंकर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलको, एलिम्को और दीपशिखा संस्था के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर के दौरान दिव्यांगजनों का मेडिकल चेकअप किया गया। मौके पर पात्र दो लाभुकों के बीच यूडीआईडी कार्ड का वितरण भी हुआ। दिव्यांगता प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति, पेंशन, स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन योजना, निरामया कार्ड और लीगल गार्जियनशिप सर्टिफिकेट से जुड़ी जानकारी भी दी गई।

एलिम्को के प्रतिनिधियों ने एडीप योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र दिव्यांगजनों और 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को जरूरत के अनुसार निशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। शिविर में व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, बैसाखी सहित अन्य उपकरणों के लिए पात्र लाभुकों के चिह्नीकरण और पंजीकरण की प्रक्रिया साझा की गई। वहीं दीपशिखा संस्था की टीम ने दिव्यांगजनों की जरूरतों के साथ विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तृत मूल्यांकन किया।

मौके पर डीसी ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर उन्हें आजीविका और रोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए ग्राम से प्रखंड स्तर तक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी योग्य लाभुक योजनाओं से वंचित न रहे।

डीसी ने कहा कि सुकरीगढ़ा लारी स्थित विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कर इसे मॉडल दिव्यांग विद्यालय के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। यहां दिव्यांगता के प्रकार के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। डीसी ने एलिम्को और दीपशिखा संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए पात्र लाभुकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश