बेहोश हुई महिला अभ्यर्थी को प्रशासन ने दिया सहारा, स्वस्थ होते ही बढ़ाया हौसला
रामगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। होमगार्ड बहाली की दौड़ में शामिल होने रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू मैदान पहुंची एक महिला अभ्यर्थी जब अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी, तो कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लेकिन जिला प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर तत्काल मेडिकल टीम को सक्रिय किया गया और महिला अभ्यर्थी को मौके पर ही चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। उपचार के बाद जब उसकी तबीयत सामान्य हुई, तो अधिकारियों ने उसका हौसला बढ़ाते हुए उसे आगे की परीक्षा के लिए प्रोत्साहित किया।
सिद्धू-कान्हू मैदान में चल रही होमगार्ड बहाली की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान एक महिला अभ्यर्थी अचानक अस्वस्थ होकर बेहोश हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त के निर्देशानुसार गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने तत्काल सक्रियता दिखाई और मौके पर मौजूद मेडिकल टीम से संपर्क कर अभ्यर्थी को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
मेडिकल टीम ने महिला अभ्यर्थी को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। उसकी विशेष देखभाल करते हुए स्वास्थ्य लाभ के लिए नारियल पानी (डाभ), केला और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति सामान्य होने के बाद अधिकारियों ने उससे बातचीत की और उसका मनोबल बढ़ाया। स्वास्थ्य में सुधार के बाद उसे शारीरिक दक्षता परीक्षा के अगले चरणों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिला प्रशासन की इस त्वरित पहल की मैदान में मौजूद लोगों ने सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश