नो-पार्किंग में खडे छह भारी वाहनों पर लगा 71,950 का जुर्माना
रामगढ़, 29 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों की अनाधिकृत पार्किंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने मंगलवार को एनएच-33 और एनएच-23 के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी एवं मालवाहक वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन की भी जांच की। जांच के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने एवं सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विशेष जांच अभियान के दौरान कुल 21 वाहनों की जांच की गई। इनमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 06 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 71,950 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, रात और अहले सुबह सड़क किनारे, विशेषकर नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों की पार्किंग से आवागमन बाधित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। इसी को देखते हुए वाहन चालकों और वाहन मालिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने एवं यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर आगे भी नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश