अदाणी फाउंडेशन की कौशल विकास पहल से युवाओं को मिल रहा रोजगार, 510 प्रशिक्षित, 53 को मिली नौकरी
हजारीबाग, 29 जुलाई (हि.स.)। अदाणी फाउंडेशन की ओर से गोंदुलपारा खनन परियोजना के अंतर्गत परियोजना प्रभावित गांवों के युवाओं और महिलाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फाउंडेशन का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को रोजगार योग्य बनाकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना तथा क्षेत्र के सतत सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देना है। कौशल विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से संचालित डोमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर और असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत अब तक 510 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इनमें से 53 युवाओं को विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार मिला है। फाउंडेशन के अनुसार यह उपलब्धि स्थानीय युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने और उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
रक्षा एवं सरकारी सेवाओं में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए संचालित बेल्टफोर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम भी प्रभावी साबित हो रहा है। इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित 40 युवाओं में से सात युवाओं ने विभिन्न सरकारी नौकरियों में सफलता हासिल की है। वहीं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत तीन महिला अभ्यर्थियों ने फायर फाइटिंग प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया, जिससे उनके तकनीकी कौशल के साथ-साथ रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
फाउंडेशन ने परियोजना प्रभावित परिवारों के छह युवाओं को मध्य प्रदेश के सिंगरौली में सुरक्षा गार्ड के रूप में रोजगार उपलब्ध कराया है। इसके अलावा दो युवाओं को राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला है, जिससे उनके पेशेवर कौशल और करियर संभावनाओं को नया आयाम मिला है।
ड्राइविंग स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम के तहत 20 परियोजना प्रभावित अभ्यर्थियों ने लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) और हेवी मोटर व्हीकल (एचएमवी) का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त किया है। इससे परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में उनके लिए रोजगार के नए अवसर खुले हैं।
स्थानीय युवाओं को निजी कंपनियों से सीधे जोड़ने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित रोजगार मेले में 405 युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों से संवाद किया और उन्हें उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी, जिससे युवाओं को रोजगार हासिल करने का बेहतर मंच मिला।
अदाणी फाउंडेशन का कहना है कि कौशल विकास, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर ही स्थानीय समुदायों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इसी उद्देश्य के तहत भविष्य में भी परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं के लिए कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा, ताकि वे सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर क्षेत्र के समग्र और सतत विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे