एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक प्रशिक्षण शिविर और राष्ट्रीय चयन ट्रायल शुरू

 


रांची, 18 जुलाई (हि.स.)। झारखंड जिम्नास्टिक संघ और झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएसपीएस) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जेएसएसपीएस परिसर में तीन दिवसीय एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक प्रशिक्षण शिविर और राष्ट्रीय चयन ट्रायल का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर झारखंड जिम्नास्टिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ निशिकांत पाठक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों के नियम लगातार बदलते रहते हैं। ऐसे में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को नवीनतम तकनीकी जानकारी देना आवश्यक है। ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने बताया कि 18 से 20 जुलाई 2026 तक आयोजित इस शिविर में खिलाड़ियों को नवीनतम अंतरराष्ट्रीय नियमों, कोड ऑफ पॉइंट्स और आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित कर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय टीम चयन के लिए तैयार किया जाना तय है।

शिविर के मुख्य तकनीकी विशेषज्ञ और अतिथि प्रशिक्षक के रूप में पश्चिम बंगाल के अंतरराष्ट्रीय जज और कोच अभिजीत देवनाथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। वे कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के साथ विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका भी निभा चुके हैं।

कार्यक्रम में संघ की उपाध्यक्ष पुष्पा हेस्सा, सचिव तूलिका श्रीवास्तव, रांची जिम्नास्टिक संघ के अध्यक्ष गोविंद झा, जेएसएसपीएस के कोच विकास कुमार गोप सहित कई पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar