रामगढ़ में आचार्य चयन परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

 




रामगढ़, 22 मार्च (हि.स.)। विद्या भारती से संबद्ध विद्यालयों के लिए योग्य आचार्यों के चयन के लिए विद्या विकास समिति के तत्वावधान में आचार्य चयन परीक्षा का आयोजन किया गया।

इस राज्यस्तरीय परीक्षा के लिए पूरे झारखंड में कुल दस परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिनमें रामगढ़ का रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को भी एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में चयनित किया गया था। इस केंद्र पर खूंटी, रांची, रामगढ़ एवं लोहरदगा जिलों से कुल 245 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

परीक्षा का आयोजन आचार्य पद के लिए पीआरटी, टीजीटी एवं पीजीटी के विभिन्न विषयों में किया गया, जिसमें अभ्यर्थियों ने अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया।

परीक्षा के दौरान अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। मौके पर जमशेदपुर विभाग के सह विभाग प्रमुख ब्रेन कुमार टुडू पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने परीक्षा की व्यवस्था का निरीक्षण किया। केंद्र अधीक्षक के रूप में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीप्रवीण ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।

वहीं परीक्षा प्रमुख महेश्वर महतो के नेतृत्व में पूरी परीक्षा प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हुई। सभी कक्षाओं में परीक्षार्थियों के बैठने, प्रश्न पत्र वितरण एवं उत्तर पुस्तिका संग्रहण की प्रक्रिया को सभी आचार्य, दीदी की ओर से व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई। विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव शंकर लाल अग्रवाल औचक निरीक्षक के रूप में उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों की सराहना की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश