छिनतई का आरोपित चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार
रांची, 24 सितंबर (हि.स.)। रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के हरमू रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने राहगीर से मोबाइल छिनतई के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान हिंदपीढ़ी निवासी मो कैफ अली उर्फ मो कैफ (24) के रूप में हुई है।
सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा ने गुरुवार को बताया कि 23 सितंबर की रात सूचना मिली कि हरमू रोड विशाल मेगा मार्ट के सामने एक बाइक सवार व्यक्ति राहगीर से मोबाइल छीनकर रातू रोड की ओर भाग गया है। सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना की गश्ती टीम ने बाइक सवार का पीछा किया और रानी सती मंदिर गली के पास उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसने 23 सितंबर की रात हरमू रोड से मोबाइल छीना था। वहीं, जिस बाइक से वह वारदात को अंजाम दे रहा था, उसके बारे में पूछताछ में उसने बताया कि 22 सितंबर की सुबह हिंदपीढ़ी के झुमका मुहल्ला स्थित बच्चा कब्रिस्तान के पास से बाइक चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपित के पास से मोबाइल फोन और बाइक बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
आरोपित के खिलाफ रांची के अलग-अलग थानों में पहले से छिनतई, चोरी और अन्य मामलों से जुड़े कुल सात केस दर्ज हैं। इनमें डोरंडा, लोअर बाजार, सुखदेवनगर, लालपुर, बरियातू, अरगोड़ा और कोतवाली थाना के मामले शामिल हैं। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे